सारण पुलिस का बड़ा खुलासा, नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार, शिशु सकुशल बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में सारण पुलिस ने नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह का सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा अपहृत नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई 12 नवंबर 2025 को मढ़ौरा थाना में प्राप्त एक लिखित आवेदन के आधार पर की गई, जिसमें आवेदिका ने अपने ढाई माह के शिशु के अपहरण की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा थाना कांड संख्या 746/25 दर्ज कर तत्काल अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा तकनीकी अनुसंधान, मानवीय आसूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। अनुसंधान के दौरान प्राप्त ठोस तकनीकी इनपुट के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके तहत पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। आगे की कार्रवाई में अभियुक्तों की निशानदेही पर इस गिरोह से जुड़े एक अन्य अभियुक्त अन्तु राय को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त अन्तु राय की निशानदेही पर बिक्री किए गए नवजात शिशु को मधेपुरा जिला के बिरेल गांव स्थित पप्पु साह के घर से सकुशल बरामद किया गया। इस प्रकार पुलिस ने पूरे मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए अब तक कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी की है और नवजात शिशु को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अन्तु राय, पिता चन्देश्वर राय, निवासी बहारा, थाना मोहनपुर, जिला समस्तीपुर तथा पप्पु साह, पिता नागेश्वर साह, निवासी बिरेली, थाना भरांती, जिला मधेपुरा शामिल हैं। इस कार्रवाई में मढ़ौरा थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा जिला आसूचना इकाई, सारण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा के प्रति वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के जघन्य अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

