“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत सारण पुलिस ने 50 गुम व चोरी हुए मोबाइल बरामद कर वास्तविक धारकों को सौंपे
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत सारण पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार, 31 जनवरी 2026 को पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) द्वारा साइबर थाना, सारण में चोरी अथवा गुम हुए कुल 50 स्मार्टफोन उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सुपुर्द किए गए। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपाधीक्षक, साइबर ने बताया कि ये सभी मोबाइल फोन जिले के विभिन्न स्थानों से साइबर थाना, सारण की त्वरित और तकनीकी कार्रवाई के माध्यम से बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोनों का सत्यापन पूरा करने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा गया, जिससे पीड़ितों में खुशी और राहत देखने को मिली।
सारण पुलिस द्वारा जिले भर में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत चोरी या गुम हुए मोबाइल फोनों को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद किया जाता है। इस अभियान के माध्यम से अब तक सैकड़ों पीड़ितों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस दिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाई जा चुकी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यह अभियान इसी तरह प्रभावी रूप से जारी रहेगा।
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन चोरी हो जाए या गुम हो जाए, तो वे तुरंत नजदीकी थाना में प्राथमिकी या सन्हा दर्ज कराएं तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करें, ताकि मोबाइल की बरामदगी में तेजी लाई जा सके।

