सड़क हादसों का सिलसिला जारी, दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल एवं निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पहली घटना सीवान–सिसवन मुख्य मार्ग पर हुई, जहां दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव निवासी तैयब अंसारी के पुत्र जमशेद अंसारी तथा सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुर गांव निवासी फुल मोहम्मद अंसारी के पुत्र हाशिम अंसारी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना चांदपुर–मेहंदार मुख्य मार्ग पर नोनियापट्टी के पास हुई, जहां एक युवक बाइक से गिरकर घायल हो गया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी राधा कृष्ण पांडेय के पुत्र मनोज कुमार पांडेय के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे सिसवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।

