सिसवन क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप, मारपीट और सड़क हादसे में कई घायल
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट और सड़क दुर्घटना की घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया, जबकि एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीवान रेफर किया गया है। घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
सिसवन थाना क्षेत्र के एक स्थानीय गांव में आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में पति-पत्नी घायल हो गए। घायलों में शिवेश्वर महतो के पुत्र सभा महतो और उनकी पत्नी सोनी देवी शामिल हैं। परिजनों द्वारा दोनों को सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई है और जांच की जा रही है।
दूसरी घटना चैनपुर ओपी क्षेत्र के नयागांव की है, जहां आपसी विवाद में हुई मारपीट के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान रत्नेश पांडेय के पुत्र करण पांडेय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
वहीं तीसरी घटना सिसवन थाना क्षेत्र के सिवान–सिसवन मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक मोहम्मद अंसारी का पुत्र मुस्ताक अंसारी बताया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक जांच में जुटी हुई है।

