माँझी नगर पंचायत में आधी रात हनुमान मंदिर की छत पर कुल्हाड़ी लेकर चढ़ी विक्षिप्त महिला, तीन घंटे तक मचा रहा हड़कंप
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: नगर पंचायत माँझी में गुरुवार की आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वार्ड संख्या 9 स्थित कुँवर टोली हनुमान मंदिर की छत पर एक विक्षिप्त महिला कुल्हाड़ी लेकर चढ़ गई और करीब तीन घंटे तक अजीबोगरीब हरकतें करती रही। महिला की हरकतों को देखकर आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया और कुछ लोग प्रेत बाधा की आशंका से भी सहम गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद विक्षिप्त महिला को सुरक्षित मंदिर की छत से नीचे उतारा। इस दौरान पुलिस को अत्यंत सावधानी बरतनी पड़ी, क्योंकि महिला के हाथ में कुल्हाड़ी थी और वह किसी भी समय खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचा सकती थी। पुलिस की सूझबूझ और धैर्य के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त महिला मानसिक रूप से विक्षुब्ध बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय महिला द्वारा दो बकरियों को जला देने की भी घटना सामने आई है, जिससे आसपास के लोग और अधिक भयभीत हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग रात के समय अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
बताया जाता है कि विक्षिप्त महिला के परिवार के सदस्य भी डरे हुए हैं। महिला के एक पुत्र और एक पुत्री हैं, जो फिलहाल अन्य स्थानों पर रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि महिला के समुचित इलाज और सुरक्षा की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में शांति बहाल रह सके।
Hashtags :
#Manjhi #NagarPanchayatManjhi #HanumanTemple #LocalNews #SaranNews #BiharNews #Police112 #PublicSafety

