‘खुशियाँ बाँटें मिशन’ के तहत विद्यार्थियों को बांटे गए स्वेटर, बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सरूपगंज (राजस्थान): श्री गणेश युवा सेवा संगठन द्वारा संचालित ‘खुशियाँ बाँटें मिशन’ के तहत स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत चार विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से स्वेटर वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोर उमरी में अध्ययनरत 48 विद्यार्थियों को स्वेटर प्रदान किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अध्यापक पदमाराम डाबी रहे। सर्वप्रथम अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात संगठन के सक्रिय सदस्य रणजीत जीनगर ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए ‘खुशियाँ बाँटें मिशन’ के उद्देश्य और आगे की योजनाओं की जानकारी दी। विद्यालय के अध्यापक विमल कुमार के मार्गदर्शन में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, वहीं विद्यालय एवं विद्यार्थियों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।
इसके बाद 48 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए तथा बच्चों को बिस्किट भी दिए गए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खिलखिला उठे। कार्यक्रम के अंत में रणजीत जीनगर ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रशासन और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमल कुमार, समस्त स्टाफ एवं संगठन के सदस्य जितेंद्र बासफोड़, दीपक कलावत, आकाश, महेंद्र चौधरी, मुकेश बंजारा, प्रिंस, कुमुद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

