सिसवन के नवादा मठ में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ, महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने बताया मोक्ष का मार्ग
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के नवादा मठ पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ में साहेब बाबा धाम के पीठाधीश्वर एवं महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज का आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा श्रवण से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है और व्यक्ति बुरे कर्मों को त्याग कर सत्य एवं धर्म के मार्ग पर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली दिव्य शिक्षा है।
महायज्ञ का आयोजन 25 जनवरी से प्रारंभ हुआ है, जो 31 जनवरी रविवार तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा के साथ-साथ विविध धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भागवत कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को पवित्र, संयमित एवं धर्ममय बनाएं। उन्होंने कहा कि भागवत कथा से आत्मिक शांति मिलती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त नवादा मठ पहुंच रहे हैं और कथा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

