स्व. भृगुनाथ दुबे की 23वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, भजन कीर्तन का हुआ आयोजन
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी प्रखंड के महम्मदपुर गांव में द्वारिका दुबे मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में स्वर्गीय भृगुनाथ दुबे की 23वीं पुण्यतिथि पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट के निदेशक एवं पटना डाकघर में उप मुख्य डाकपाल के पद पर कार्यरत विनय कुमार दुबे द्वारा अपने पिता की स्मृति में किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में एकमा विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक के पुत्र संयोग सिंह उर्फ हनु सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्व. भृगुनाथ दुबे के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. भृगुनाथ दुबे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में समाजसेवा, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों पर भी विचार व्यक्त किए गए।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा तिवारी, पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि सुधाकर मिश्रा, मटियार पंचायत के पैक्स अध्यक्ष धनंजय ठाकुर, भलुआ पंचायत के मुखिया दीपक मिश्रा, पूर्व मुखिया पति शंभू प्रसाद, हसनैन अंसारी, राजकुमार दुबे, शैलेश कुमार दुबे, विकास कुमार दुबे, संजय उपाध्याय, रविशंकर तिवारी, अवधेश तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से स्व. भृगुनाथ दुबे के व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और उनके आदर्शों को याद किया गया, वहीं यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश भी देता नजर आया।

