माँझी सीएचसी में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई, कुष्ठ रोगियों की सेवा का लिया संकल्प
सारण (बिहार): माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। अस्पताल परिसर में कुष्ठ रोग विभाग के पास आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने कुष्ठ रोगियों के समुचित, संवेदनशील और भेदभाव रहित इलाज का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा और सेवा के मार्ग पर चलने की शपथ भी ली गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि आज ही के दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का निधन हुआ था और उन्होंने अपने जीवन में कुष्ठ रोगियों के अधिकार और सम्मान के लिए हमेशा आवाज उठाई।
कार्यक्रम के दौरान कुष्ठ रोग को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। लोगों को बताया गया कि गांधी जी कुष्ठ रोगियों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे और समाज से भेदभाव समाप्त करने का संदेश देते रहे। उन्होंने यह स्पष्ट किया था कि एमडीटी दवा से कुष्ठ रोग पूरी तरह ठीक हो जाता है और जो व्यक्ति एमडीटी दवा ले चुका है, उसमें रोग फैलाने की क्षमता नहीं रहती, इसलिए उससे घृणा नहीं करनी चाहिए।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और रोगियों को सम्मान के साथ अपनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक राम मूर्ति, बीसीएम विवेक ब्याहुत, लाल बाबू प्रसाद यादव, सभी आशा कार्यकर्ता, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

