सारण: दुष्कर्म कांड का त्वरित खुलासा, 6 घंटे में दो आरोपी और एक महिला गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में घटित दुष्कर्म की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र छह घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में की गई, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता स्पष्ट रूप से सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को बनियापुर थानांतर्गत ग्राम बेदौली में एक युवती के साथ उसकी ही चाची के सहयोग से दो युवकों द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर बनियापुर थाना कांड संख्या 24/26, दिनांक 8 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया, जिसके बाद तत्काल अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म की साजिश में शामिल महिला चाची सहित दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्ण कुमार, पिता महादेव राय तथा रोशन कुमार, पिता शंकर राय शामिल हैं, जो दोनों बनियापुर थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा गांव के निवासी हैं। इसके अतिरिक्त एक महिला अभियुक्त को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में बनियापुर थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
-

