बिहार: डॉ सजल कुमार अपहरण कांड: पुलिस–अपराधी मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, मास्टरमाइंड समेत छह गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में डॉक्टर के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण कांड के अनुसंधान के दौरान सारण पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को हथियारों के साथ मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में मुख्य सरगना सहित कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 की रात हथियार के बल पर डॉ. सजल कुमार के अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 734/25 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर एएसपी सदर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के दौरान पहले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से अपहृत डॉक्टर के चालक और केयरटेकर का मोबाइल भी बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों की निशानदेही पर जब पुलिस हथियार बरामदगी के लिए भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएन सिंह कॉलेज के पीछे बगीचे में पहुंची, तभी रंजन राय और सोनू राय ने अचानक भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल अपराधियों का इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे अपहरण कांड का मास्टरमाइंड डॉक्टर शिव नारायण है, जिसने फिरौती और हत्या की साजिश रची थी। डॉक्टर शिव नारायण के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की बात कही है।
इस कार्रवाई में दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

