भीषण विमान हादसा, आग के गोले में बदला प्लेन, 7 लोगों की दर्दनाक मौत
अमेरिका: 19 दिसंबर 2025
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। स्टेट्सविल रीजनल एयरपोर्ट के पास एक निजी बिजनेस जेट टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया। इस भीषण हादसे में विमान सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में पूर्व प्रसिद्ध NASCAR रेसिंग ड्राइवर ग्रेग बिफल, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे भी सवार थे। हादसे में इनके अलावा तीन अन्य यात्रियों की भी जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरा इलाका धुएं से भर गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। विमान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने संयुक्त रूप से हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या मौसम संबंधी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद अमेरिका सहित दुनिया भर में शोक की लहर है। खेल जगत और आम नागरिकों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। यह हादसा एक बार फिर विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

