प्लस पोलियो अभियान को लेकर जागरूकता तेज, गोबरही शिव शक्ति धाम में जनसंपर्क व पौधारोपण
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड में 16 दिसंबर से शुरू हो रहे प्लस पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संपर्क अभियान के तहत गोबरही शिव शक्ति धाम परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रोहित कुमार ने उपस्थित लोगों को प्लस पोलियो अभियान की महत्ता बताते हुए 16 दिसंबर से प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। इसके बाद उन्होंने शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत मंदिर परिसर स्थित लघु वाटिका में राजद नेता सुधांशु रंजन, जदयू जिला सचिव सुनील कुमार सिंह तथा शिव शक्ति धाम परिषद के अध्यक्ष विजय सिंह ने संयुक्त रूप से हर्बल तुलसी का पौधा लगाया।
इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे न केवल प्लस पोलियो अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, बल्कि शिव शक्ति धाम परिसर में लगाए गए पौधों के संरक्षण में भी सहयोग करें। शिव शक्ति धाम परिषद के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि मंदिर परिसर में तुलसी का पौधा लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप और भगवान विष्णु का प्रिय माना जाता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, दरिद्रता दूर होती है और पूजा पूर्ण मानी जाती है। साथ ही तुलसी का पौधा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मौके पर निरंजन सिंह, अभिषेक तिवारी, राम मूर्ति सहित कई अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया गया।


