गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम, पोषण और स्वास्थ्य पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
गोपालगंज (बिहार): थावे प्रखंड के जगमलवा ग्राम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 089 पर मंगलवार को विशेष गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से हर माह की 7 तारीख को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में पिरामल फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि नितेश कुमार तिवारी ने केंद्र पर सहयोगात्मक अवलोकन किया और उपस्थित गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार और आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिला के शरीर को विशेष पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है, जिसमें प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाइड्रेट और आयरन का संतुलित सेवन अनिवार्य है। इसके लिए हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, सूखे मेवे, मछली और दूध का सेवन लाभकारी होता है। साथ ही उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले और बाद में कुल 180 आयरन की गोलियां लेना अत्यंत आवश्यक है, जिससे खून की कमी को पूरा किया जा सके और जटिलताओं की संभावना कम हो सके।
आंगनवाड़ी सेविका अंजुम आरा ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित खान-पान और दैनिक दिनचर्या के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाएं, उनके परिवारजन, ग्रामीण महिलाएं, पुरुष तथा जीविका समूह के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

