बनवार रेल ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, शिक्षक दंपति की मौत से गांव में मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा–सीवान मुख्य मार्ग पर स्थित एनएच-531 के बनवार रेल ओवरब्रिज पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दाउदपुर थाना क्षेत्र के बेलदारी गांव निवासी पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और मृतकों के गांव में शोक की लहर फैल गई है।
मृतकों की पहचान बेलदारी गांव निवासी राजेंद्र राय (41) और उनकी पत्नी सीमा देवी (39) के रूप में हुई है। राजेंद्र राय सिवान जिले के सिसवन प्रखंड स्थित एक विद्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, दंपति बाइक से अपने पैतृक गांव बेलदारी से छपरा स्थित आवास जा रहे थे। जैसे ही वे बनवार रेल ओवरब्रिज पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत संतुलन खोकर करीब 50 फीट नीचे जा गिरे।
हादसे में राजेंद्र राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ओवरब्रिज के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने राजेंद्र राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि सीमा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सीमा देवी ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि यह हादसा परिवार के लिए दोहरी त्रासदी बनकर आया है। मृतक राजेंद्र राय के पिता स्वर्गीय मनन राय की भी पूर्व में सड़क दुर्घटना में ही मौत हो चुकी थी। अब इस घटना के बाद उनकी मां देवपति देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस असामयिक मौत पर गहरा दुख जता रहे हैं।
घटनास्थल के पास एक क्षतिग्रस्त बाइक बरामद की गई है, जबकि थोड़ी दूरी पर एक अन्य टूटी हुई बाइक भी मिली है, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। अपर थानाध्यक्ष विपुल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हुई है और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और दोषी वाहन चालक की तलाश जारी है।

