सारण: बच्चों के क्रिकेट विवाद से दूसरे दिन मारपीट, दर्जनभर लोग घायल; कई छपरा रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के छोटका महम्मदपुर गांव में बच्चों के बीच खेले गए क्रिकेट मैच के विवाद ने अगले ही दिन गंभीर रूप ले लिया, जिसमें दो महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने दूसरे पक्ष के लोगों को बारी-बारी से पकड़कर पिटाई की, जिसकी चर्चा पूरे गांव में बनी हुई है।
बुधवार को हुए इस विवाद में घायल हुए लोगों को तत्काल माँझी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल करीब आधा दर्जन लोगों को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया।
घायलों में छोटू कुमार शर्मा (18), अविनाश कुमार शर्मा (22), गुड़िया कुमारी (20), पंकज शर्मा (34), विनय शर्मा (45), वीरेंद्र शर्मा (58), जनार्दन शर्मा (60), पंकज कुमार शर्मा (25), प्रभुनाथ शर्मा (50) और श्रीभगवान शर्मा (46) शामिल हैं। सभी घायलों के शरीर पर लाठी-डंडे से मारपीट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही माँझी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव में उत्पन्न तनाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन गश्त भी बढ़ा दी है।
माँझी खबर, छोटका महम्मदपुर मारपीट, क्रिकेट विवाद मारपीट, माँझी थाना क्षेत्र, सिवान सारण न्यूज, सिवान ताजा खबर, मारपीट मामला बिहार
#ManjhiNews #Saran #Siwan #CrimeUpdate #BiharNews

