मांझी के किसान बागेन्द्र महतो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में राष्ट्रीय सम्मान, कृषि सम्मेलन में बिहार का बढ़ा मान
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) में शनिवार को आयोजित एक भव्य समारोह में मांझी प्रखंड के शीतलपुर गांव निवासी किसान बागेन्द्र महतो को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और आवृत्ति इंटरनेशनल संस्था से जुड़कर सतत रूप से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने किसानों को सशक्त बनाने के लिए ₹35,440 करोड़ की कई योजनाओं की शुरुआत की। इनमें ₹11,440 करोड़ की दाल उत्पादन मिशन योजना और ₹24,000 करोड़ की पीएम धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं।
आवृत्ति इंटरनेशनल की निदेशक मनीषा त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि संस्था का उद्देश्य किसानों को न केवल प्रमाणन देना है, बल्कि उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है। वहीं, निदेशक विपुल कुमार झा ने कहा कि छोटे किसानों को सशक्त बनाना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय कृषि मानकों तक पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “हमें हर्ष है कि हमारे प्रमाणित किसान सारण, बिहार के बागेन्द्र महतो को प्रधानमंत्री की उपस्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ है।”
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कृषि क्षेत्र में सुधार आवश्यक था, जिसकी दिशा वर्ष 2014 से आरंभ हुई थी। यह आयोजन ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत हुआ और इसे भारत को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस सम्मान से मांझी और पूरे सारण जिले में गर्व का माहौल है, वहीं बागेन्द्र महतो ने कहा कि वे आने वाले समय में भी जैविक और सतत कृषि को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहेंगे।

