सरपंच भरत सिंह पंचतत्व में विलीन, डुमाईगढ़ घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं गोबरहीं पंचायत के सरपंच भरत सिंह (75 वर्ष) का शनिवार को प्रखंड के डुमाईगढ़ घाट पर पूरे राजकीय सम्मान और भावनात्मक माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। गुरुवार की रात हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था, जिसके बाद शुक्रवार को उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
शनिवार को निकली शव यात्रा में क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए। परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। मुखाग्नि उनके छोटे भाई प्रमोद सिंह ने दी। इस दौरान वातावरण “भरत सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
भरत सिंह तीन बार लगातार गोबरहीं पंचायत से सरपंच निर्वाचित हुए थे और अपने क्षेत्र में लोकप्रियता, सरल स्वभाव और न्यायप्रियता के लिए जाने जाते थे। लोगों के सुख-दुख में वे हमेशा आगे रहते थे। उनके निधन से पूरे मांझी प्रखंड में शोक की छाया है।
अंतिम संस्कार के अवसर पर जदयू नेता विजय सिंह, सुनील सिंह, शंकर सिंह, अरुण कुमार सिंह, सुमेश सिंह, शिवनाथ यादव, शेषनाथ गिरी, सोनू सिंह, दिलीप यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि भरत सिंह की सादगी, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों की मिसाल हमेशा बनी रहेगी।
भरत सिंह सरपंच निधन, गोबरहीं पंचायत सरपंच, मांझी प्रखंड समाचार, ताजपुर घाट अंतिम संस्कार, सारण जिले की ताजा खबर, मांझी सरपंच संघ अध्यक्ष, Bihar local news, Saran news today, Manjhi breaking news