छपरा में माता वैष्णो देवी की भव्य डोली यात्रा, जयकारों से गूंज उठा अमनौर बाजार
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): विजयदशमी के बाद परंपरा के अनुसार माता वैष्णो देवी अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए गुफा से बाहर निकलीं और नगर भ्रमण किया। अमनौर बाजार स्थित वैष्णो धाम गुफा मंदिर से माता की डोली यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
जैसे ही गुफा से माता रानी की डोली बाहर आई, चारों ओर “जय माता दी” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने माता की डोली को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया। यात्रा में हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और भक्तों का नृत्य-गान आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा था। हजारों महिलाएं और कन्याएं अपने सिर पर लड्डू की टोकरी लिए भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में सम्मिलित रहीं।
राजद जिलाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने जानकारी दी कि नगर भ्रमण के बाद महाआरती का आयोजन किया गया और माता को एक क्विंटल 25 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। उन्होंने स्वयं भी डोली को कंधे पर उठाकर नगर परिक्रमा में भाग लिया।
यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है कि विजयदशमी के बाद माता गुफा से बाहर निकलकर नगर भ्रमण करती हैं और भक्तों को दर्शन देती हैं। इस अवसर पर पूरा अमनौर बाजार भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। यात्रा में पैक्स अध्यक्ष विजय कुमार विद्यार्थी, सरपंच प्रतिनिधि राहुल सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज मिश्रा, गुडू बाबा, मेघनाथ प्रसाद, विनोद कुमार, अशोक कुशवाहा सहित हजारों श्रद्धालु शामिल रहे।
छपरा वैष्णो देवी डोली यात्रा, अमनौर बाजार पूजा, माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर, विजयदशमी डोली परंपरा, छपरा धार्मिक कार्यक्रम, बिहार भक्तिमय यात्रा
Breking News