सिसवन थाना क्षेत्र में मारपीट व सड़क हादसों की श्रृंखला, कई लोग घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बीते दिन अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
गंगापुर सिसवन में आपसी विवाद में हुई मारपीट की घटना में छठी लाल प्रसाद और उसकी पत्नी गुड़िया देवी घायल हो गए। वहीं, नोनिया पट्टी गांव में विवाद को लेकर राजनारायण दुबे और उनकी पत्नी रीता देवी को चोटें आईं। माधोपुर गांव में हुई मारपीट की घटना में रीना देवी, उनका पुत्र देवेंद्र ठाकुर और पुत्रवधू पुनीता देवी घायल हो गए। इसके अलावा पड़री गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें राकेश राम, शैलेश राम, उनकी पत्नी मीना देवी व पिंकी देवी, राम पुकार राम, उनकी पत्नी उमा देवी, पुत्र मंटु राम और चंदन राम शामिल हैं।
इसी तरह सड़क हादसों में भी लोग घायल हुए। कचनार गांव में बाइक की टक्कर से युवती निक्की कुमारी, बाइक सवार रामदेव राम और सोनू राम घायल हो गए। अलग-अलग जगहों पर हुई बाइक दुर्घटनाओं में उपेंद्र कुमार साह और शुभम कुमार सिंह को चोटें आईं।
सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को घर भेज दिया जबकि गंभीर घायलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।