दुर्गापुर ब्रह्मस्थान से कन्या विद्यालय तक सड़क बदहाल, वर्षों से अटकी समस्या, कब होगा समाधान?
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के दुर्गापुर ब्रह्मस्थान से लेकर कन्या मध्य विद्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति जर्जर और चिंताजनक बनी हुई है। सड़क किनारे फैले कचरे के ढेर से उठती बदबू ने राहगीरों और आसपास के घरों में रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थिति यह है कि चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दुर्दशा के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है और उनकी नींद हराम हो गई है।
नगर पंचायत की उप पार्षद नीतु सिंह ने बताया कि इस सड़क की बदहाल स्थिति कोई नई नहीं है, बल्कि बीते लगभग 20 वर्षों से यही हाल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर गरीब तबके के कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है क्योंकि उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं था। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें सीधे पैसे मिलेंगे। जैसे ही उनके खातों में रकम जाएगी, वे घर बनाना शुरू करेंगे और नए घर में शिफ्ट होते ही सड़क अतिक्रमण मुक्त हो जाएगी। इसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नीतु सिंह का कहना था कि बेघर लोगों को तत्काल हटाना उचित नहीं है, इसलिए थोड़े समय में सड़क का समाधान अवश्य होगा।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अंचलाधिकारी द्वारा इस सड़क की मापी पहले ही कराई जा चुकी है। उन्होंने मुख्य पार्षद से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास यादव उर्फ बिट्टू यादव ने दूरभाष पर बताया कि इस मामले पर कार्यवाही जारी है और शीघ्र ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि दशकों से अधर में लटकी इस समस्या का समाधान अब जल्द होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।