माँझी में महिलाओं के पोषण एवं सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को माँझी प्रखंड सभागार में महिलाओं के पोषण एवं सशक्तिकरण विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन, सारण की टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्रीमती निभा कुमारी ने महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने हेतु आहार में देशी और मोटे अनाज को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं में एनीमिया की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण पौष्टिक भोजन की कमी और आधुनिक जीवनशैली है। गर्भावस्था के दौरान आयरन की गोली का सेवन और पहले 1000 दिनों की विशेष देखभाल पर ध्यान देकर इस समस्या को कम किया जा सकता है।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती मधुबाला ने घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा, धारा 18(1) तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं जेंडर विशेषज्ञ सुजाता श्री ने बाल विवाह की समस्या और इसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सत्येंद्र कुमार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की मनोसामाजिक परामर्शी कुमारी शैलजा, महिला पर्यवेक्षिका और सेविका सहायिका भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को पोषण, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना था।