पुलिस पर हमला मामले में फरार एकमा के लोजपा प्रखंड अध्यक्ष गिरफ्तार
सिवान के हुसैनगंज से दबोचा गया अमित सिंह,आठ मामलों में है वांछित
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सारण पुलिस पर हमला मामले में महीनों से फरार चल रहे कुख्यात अमित सिंह को मांझी थाना पुलिस ने बुधवार की रात सिवान जिले के हुसैनगंज से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ व कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद गुरुवार को उसे छपरा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर में हुए हत्याकांड के दौरान पुलिस पर किये गए हमला मामले में मांझी थाना कांड संख्या 43/23 दर्ज किया गया था। इस मामले में अमित सिंह भी नामजद था तथा घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
बताते चलें कि बीते पँचायत चुनाव में वह एकमा के देवपुरा पँचायत से मुखिया का चुनाव लड़ा था, हालांकि महज 19 मतों से वह मुन्ना शाही के मुकाबले चुनाव हार गया था। बीते 12 अगस्त को लोजपा के जिलाध्यक्ष ने उसे पार्टी का एकमा प्रखण्ड अध्यक्ष मनोनीत किया था। माँझी के थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक मांझी थाना में जबकि सात मामले अन्य थानों में दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक इतिहास की गहराई से पड़ताल कर रही है। गिरफ्तारी के साथ ही एकमा प्रखण्ड क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में पुलिस की इस कार्रवाई की जोरदार चर्चा है।

