सड़क हादसे में जख्मी किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी–ताजपुर मुख्य मार्ग पर डुमरी गांव के समीप चार सितंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए 15 वर्षीय किशोर की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी टुनटुन सिंह के पुत्र राजेन्द्र कुमार के रूप में हुई है।
गुरुवार को जब राजेन्द्र का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। घर की महिलाएं रो-रोकर बिलख उठीं और माहौल गमगीन हो गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा और दो छोटी बहनों से उम्र में बड़ा था। वह नौंवी कक्षा का छात्र था।
घटना की जानकारी मिलते ही मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार, पूर्व मुखिया संजीत प्रसाद, सरपंच धनेश साह, कविता सिंह, जीवन यादव तथा विनय सिंह सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए सरकार से अनुग्रह राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक के पिता टुनटुन सिंह राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद राजेन्द्र को पहले छपरा ले जाया गया था, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे पटना रेफर किया गया। वहीं इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।