सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान अशोक कुमार यादव (45 वर्ष), पिता- रूदल राय, निवासी- फरीदपुरा बाजार टोला, थाना-तरैया, जिला सारण के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार यादव शनिवार रात माधोपुर से छठियार कार्यक्रम में शामिल होकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टिकमपुर बांध पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अशोक को पहले स्थानीय त्रिमूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से छपरा रेफर किया गया। हालत नाजुक होने के बाद उन्हें पीएमसीएच भेजा गया, जहाँ रविवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी राजकुमारी देवी, पिता रूदल राय, माता रूपझरी देवी, 15 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार, 14 वर्षीय पुत्री रंजनी कुमारी, 12 वर्षीय पुत्र रवि रंजन कुमार और 11 वर्षीया पुत्री किरण कुमारी का परिवार बेसहारा हो गया है।
सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया मुकेश कुमार यादव व सरपंच बिगन राय मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है।

