मांझी विधानसभा चुनाव 2025: प्रो. शिवाजी सिंह बोले – भाजपा का सच्चा सिपाही हूं, पार्टी आदेश ही सर्वोपरि
मांझी विधानसभा चुनाव 2025 में BJP नेता प्रो. शिवाजी सिंह ने कहा – भाजपा का सच्चा सिपाही हूं, पार्टी आदेश ही सर्वोपरि है। जनता बदलाव का मन बना चुकी है, NDA बनाम महागठबंधन में होगा सीधा मुकाबला।
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जेपी इंटर कॉलेज जयप्रकाश नगर के प्राचार्य और भाजपा नेता प्रो. शिवाजी सिंह ने मांझी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सच्चे सिपाही हैं और उनके लिए पार्टी का आदेश ही सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए (NDA) के साथ गद्दारी करना उनके संस्कार में नहीं है।
प्रो. सिंह ने कहा कि इस बार जनता बदलाव का मन बना चुकी है और चुनाव में एनडीए बनाम महागठबंधन (Mahagathbandhan) के बीच सीधा मुकाबला होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार किसी भी निर्दलीय प्रत्याशी को स्वीकार नहीं करेगी।
पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि
प्रो. शिवाजी सिंह ने बताया कि वर्ष 1972 में उनके दिवंगत पिता बीरेन्द्र सिंह ने जनसंघ से मांझी विधानसभा से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें उस समय जीत नहीं मिली, लेकिन उन्होंने दशकों तक डुमरी पंचायत के मुखिया और मुबारकपुर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक के रूप में जनता की सेवा की।
आरएसएस से जुड़ाव और भाजपा में सक्रिय भूमिका
अपने जीवन के बारे में बताते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि बचपन में वे सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र रहे और वर्षों तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा का संचालन किया। वर्तमान में वे भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हैं और मांझी की जनता की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा, उसे वे तन-मन-धन से सहयोग करेंगे।