दहेज हत्या कांड में मृत महिला सकुशल बरामद, पुलिसकर्मी पुरस्कृत!
सारण (बिहार): सारण जिले की पुलिस ने दहेज हत्या प्रकरण का सफल उद्भेदन कर तथाकथित मृतिका को सकुशल बरामद करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। मामले में अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार पाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक सारण ने 5000 रुपये की राशि से पुरस्कृत किया।
डोरीगंज थाना कांड संख्या-142/19 को वादी तेरस साह, पिता स्वर्गीय राम प्यारे साह, निवासी सिरसावली, थाना भेल्दी, जिला सारण ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद पत्र के माध्यम से दर्ज कराया था। मामले की जांच का जिम्मा डोरीगंज थाना में पदस्थापित पु.अ.नि. रविन्द्र कुमार पाल को सौंपा गया।
उन्होंने सूक्ष्म एवं तकनीकी अनुसंधान करते हुए गहन प्रयास से तथाकथित मृतिका सोनी कुमारी को सकुशल बरामद किया तथा धारा 161 और 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया। इसके बाद कांड का अनुसंधान पूर्ण कर मामले का सफल उद्भेदन किया गया।
पुलिस की इस उपलब्धि पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधानकर्ता की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हर आपराधिक मामले में निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी अनुसंधान कर पीड़ितों को न्याय दिलाना ही उनकी प्राथमिकता है।