प्रभुनाथ सिंह की रिहाई की मांग को लेकर एकमा में विशाल पदयात्रा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत के राम जानकी मंदिर से रविवार को महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह की रिहाई की मांग को लेकर विशाल पदयात्रा निकाली गई। राम जानकी मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर तक चली इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर भलुआ बुजुर्ग के पूर्व मुखिया सुनील मिश्रा ने कहा कि प्रभुनाथ सिंह को झूठे मुकदमे में फँसाया गया है और उन्हें शीघ्र रिहा किया जाना चाहिए। वहीं, जदयू नेता कमलेश सिंह ने कहा कि वीर प्रभुनाथ की रिहाई की मांग को प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उठाया गया है, क्योंकि उनकी गैरमौजूदगी में सारण प्रमंडल नेता विहीन हो गया है।
पदयात्रा में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, उमेश सिंह, मुखिया अरविंद सिंह, शैलेंद्र सिंह, संतोष सिंह, अशोक सिंह, रणधीर सिंह, सतेन्द्र सिंह, राजेश सिंह सहित हजारों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। रैली में गौरव किसान, रौशन भवानी सहित बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने माहौल को जोशपूर्ण बना दिया।

