राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि, बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
भगवानपुर हाट/सिवान (बिहार): राजकीयकृत मध्य विद्यालय ब्रह्मस्थान में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। चौक-चौराहों पर बच्चे “ध्यानचंद अमर रहें”, “खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया” और “जो खेलेगा वही खिलेगा” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान कर रहे थे। इसके बाद विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कबड्डी प्रतियोगिता में अब्दुल हमीद टीम और ध्यानचंद टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें अब्दुल हमीद टीम विजयी रही। वहीं, बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता में लक्ष्मीबाई और रमाबाई टीम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें रमाबाई टीम ने जीत हासिल की। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रधानाध्यापक विनोद कुमार शुक्ला ने मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए कहा कि हॉकी की स्टिक पर उनका नियंत्रण अद्भुत था, मानो गेंद उनकी स्टिक से चुम्बक की तरह चिपकी रहती हो। वहीं, शिक्षक श्रीकांत सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर ने भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई और आज भी वे खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। इस मौके पर शिक्षिका सुल्तान अब्बासी, बबीता कुमारी, गजला खातून, राजीव मणि त्रिपाठी, लालू प्रसाद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।