रक्षाबंधन पर आध्यात्मिकता का संदेश, चैनपुर में ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी
सिवान (बिहार): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, चैनपुर सेवाकेंद्र में रविवार को रक्षाबंधन का पर्व आध्यात्मिकता और पवित्र भावनाओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने सभी भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई और बुराइयों का त्याग करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं बी.के. सुधा दीदी ने बताया कि सावन भर ब्रह्माकुमारी बहनें विभिन्न गांवों में जाकर रक्षाबंधन मनाती हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन न केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व है, बल्कि यह आत्मा और परमात्मा के बीच के आध्यात्मिक संबंध की भी याद दिलाता है।
उन्होंने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने वाला पर्व है। 'रक्षा' और 'बंधन' — इन दो शब्दों से बना यह पर्व वास्तव में मन की शुद्धता, आत्म-रक्षा और ईश्वर से जुड़ाव का प्रतीक है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भाई-बहन और ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित थे। समारोह में आध्यात्मिक चर्चा के साथ-साथ प्रेम और भाईचारे का माहौल बना रहा।

