जानिए अपनी पुलिस : सारण पुलिस ने मिर्जापुर स्कूल में चलाया जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
सारण (बिहार): "Know Your Police" कार्यक्रम के तहत सारण पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान की एक नई पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जनताबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिर्जापुर-मुरारपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सारण पुलिस के वरीय अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े पुलिस अभियानों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि थानों में महिला हेल्पडेस्क, डायल-112 सेवा के तहत यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे अभियान किस प्रकार कार्य करते हैं और इन्हें किस तरह से उपयोग किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने 'आवाज़ दो' जैसे अभियानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जो घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से पीड़ित महिलाओं की मदद के लिए चलाया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कृत बच्चों में युवराज सिंह, प्रियंका कुमारी, स्वाति कुमारी, आदिती कुमारी, सोनाली कुमारी, अंशु कुमारी, सुभम कुमार, प्रतिक कुमार, स्नेहा कुमारी, रानी कुमारी, खुशबु कुमारी, आरती कुमारी, नितीश कुमार और दिलसाना का नाम शामिल है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और सभी से अपील की कि वे सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान में सारण पुलिस का सहयोग करें।