सावन के पहले रविवार को शिव शक्ति धाम में उमड़े श्रद्धालु, भोलेनाथ को किया जलाभिषेक!
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सावन के पावन महीने में रविवार को माँझी प्रखंड के गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-शांति की कामना की।
श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित एक पवित्र काल होता है। इस दौरान भगवान शिव की आराधना से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। शिव शक्ति धाम में रविवार को सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
शिव शक्ति धाम, एकमा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर गोबरही गांव में स्थित है, जो इस इलाके के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक बन चुका है। सावन की शुरुआत के साथ ही इस धाम में हर रविवार को विशेष पूजा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। आसपास के गांवों में भी माहौल भक्तिमय हो गया है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। जलाभिषेक के बाद भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया। मंदिर परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।