सिवान जिले के विभिन्न थाना परिसरों में जनता दरबार का आयोजन, भूमि विवाद के दर्जनों मामलों का हुआ निष्पादन!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के सिसवन, मैरवा, हसनपुरा और रघुनाथपुर प्रखंडों के थाना परिसरों में शनिवार को एक साथ जनता दरबारों का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि संबंधी विवादों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया गया। अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की उपस्थिति में कई मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया गया।
सिसवन थाना परिसर में हुई सुनवाई
सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने भूमि विवादों से जुड़े पांच मामलों की सुनवाई की। उन्होंने बताया कि ऐसे विवादों को सुलझाना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के दरबार नियमित रूप से लगाए जाएंगे। दोनों पक्षों को पहले से नोटिस भेजकर उपस्थित कराया गया था। दस्तावेजों के आधार पर मामलों का निष्पादन कर लोगों को राहत दी गई।
मैरवा में भी हल हुए पांच विवाद
मैरवा थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में भी पांच भूमि विवादों का निपटारा किया गया। अंचलाधिकारी ने बताया कि कागजातों की जाँच के बाद दोनों पक्षों की सहमति से निष्पक्ष फैसला लिया गया।
हसनपुरा में आठ मामलों का हुआ समाधान
हसनपुरा प्रखंड के एमएच नगर थाना परिसर में कुल आठ जमीनी विवादों पर सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी ने सभी मामलों में समझौते का रास्ता निकालते हुए लोगों को आपसी सहमति से समाधान करने की सलाह दी। इससे लोगों में न्याय की उम्मीद जगी और शांति व सौहार्द का संदेश गया।
रघुनाथपुर में छह विवादों का निष्पादन
रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष की उपस्थिति में छह मामलों की सुनवाई की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस पहल से आम जनता को जमीन विवादों के त्वरित समाधान में काफी राहत मिल रही है। जनता दरबार न केवल न्याय का माध्यम बन रहा है, बल्कि यह प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी बन रहा है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।