सिसवन में सड़क हादसों की बाढ़, तीन अलग-अलग घटनाओं में कई घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसों की श्रृंखला देखने को मिली, जिनमें कुल छह लोग घायल हो गए। पहली घटना सीवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर घटी, जहां एक ई-रिक्शा के पलटने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान घुरघाट निवासी प्रभु महतो के पुत्र सुरेश महतो, त्रिलोकी महतो की पुत्री निक्की कुमारी और दाउदपुर थाना क्षेत्र के बभनौली बांगरा गांव निवासी सत्येंद्र ठाकुर के पुत्र मंटू ठाकुर के रूप में हुई है। तीनों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
दूसरी घटना में थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दो बाइक सवार युवकों के दुर्घटनाग्रस्त होने से वे घायल हो गए। इनमें एक कचनार गांव निवासी राधेश्याम यादव का पुत्र विकास कुमार यादव है जबकि दूसरा देवरिया जिले के बीरबल सिंह का पुत्र विशाल सिंह है। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं तीसरी घटना सिसवन हाईस्कूल के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान स्थानीय निवासी परशुराम यादव की पत्नी सुगान्ती देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें सीवान रेफर कर दिया गया। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
लगातार हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से ट्रैफिक नियंत्रण व सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।