सावन के शुक्रवार पर मेंहदार महेंद्र नाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब!
सिवान (बिहार): सावन के पवित्र महीने के शुक्रवार को सिसवन प्रखंड के मेंहदार स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्र नाथ धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने आराध्य की कृपा के लिए प्रार्थना की।
सावन के प्रत्येक शुक्रवार को इस ऐतिहासिक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का आयोजन किया जाता है। इस दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर प्रांगण में लगी रहीं। भक्तगण हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखे।
श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन महीने में बाबा भोलेनाथ की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। मंदिर परिसर को इस अवसर पर भव्य तरीके से सजाया गया था और दर्शन के लिए आए भक्तों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था की गई थी।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय समिति ने पानी, चिकित्सा, सुरक्षा और कतार प्रबंधन जैसी सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया था। शांतिपूर्ण माहौल में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से पूजन संपन्न किया।