सावन के दूसरे सोमवार को महेंद्रनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, यादव समुदाय ने किया भव्य दूधाभिषेक!
सिवान (बिहार): सावन के पावन महीने में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम सोमवार को सिसवन प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ धाम में देखने को मिला। सावन के दूसरे सोमवारी और एकादशी तिथि के संयोग पर बाबा भोलेनाथ के दर्शनों और दूध अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से ही छपरा, सीवान, गोपालगंज, बक्सर और उत्तर प्रदेश के बलिया, गोरखपुर सहित कई जिलों व प्रदेशों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। इनमें यादव समुदाय की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस समुदाय के लोगों ने परंपरागत तरीके से अरघा भराई कर बाबा भोलेनाथ का दूध से अभिषेक किया।
जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर करीब दो हजार लीटर से अधिक दूध चढ़ाया गया और लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने बाबा महेंद्रनाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आस-पास के इलाकों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। भीड़ नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
बाबा महेंद्रनाथ धाम में सावन की सोमवारी को लेकर उमड़ा श्रद्धा का यह सैलाब वर्षों से चली आ रही परंपरा का जीवंत प्रमाण है, जहाँ श्रद्धालु भोलेनाथ से अपने जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते हैं।