पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल को मिला नया मंडल रेल प्रबंधक, आशीष जैन ने संभाला पदभार
वाराणसी, 28 जुलाई 2025
वाराणसी (उत्तर प्रदेश) संवाददाता वीरेश सिंह: पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल को सोमवार को नया नेतृत्व मिला। श्री आशीष जैन ने आज दिनांक 28 जुलाई 2025 को मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वे मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में मुख्य सामग्री प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
श्री जैन भारतीय रेलवे भंडार सेवा (IRSS) के 1995 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 1997 में पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।
इसके पश्चात उन्होंने वडोदरा, मुंबई, रायपुर, शकूरबस्ती (नई दिल्ली) जैसे कई महत्वपूर्ण स्थानों पर वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक तथा अन्य जिम्मेदार पदों पर कार्य किया है। रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में निदेशक (आई.सी.) के रूप में प्रतिनियुक्ति पर पाँच वर्ष सफल कार्यकाल भी उनके अनुभव का हिस्सा रहा है।
रेलवे बोर्ड में डायरेक्टर रेलवे स्टोर (DRS), उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, और केन्द्रीय कार्यशाला आधुनिकीकरण संगठन, नई दिल्ली में मुख्य सामग्री प्रबंधक जैसे उच्च पदों पर श्री जैन की सेवाएं सराहनीय रही हैं।
उन्हें सामग्री प्रबंधन एवं सामान्य प्रशासन का व्यापक अनुभव है और वे रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच लोकप्रियता के लिए भी जाने जाते हैं।