सारण में जल प्रबंधन पर बड़ी बैठक, नदियों के लिए बनेगा चेकडैम और तटबंध!
छपरा (सारण), 19 जुलाई 2025
जिले की विलुप्त होती नदियों को पुनर्जीवित करने और उनके स्थायी संवर्द्धन के लिए सारण जिला प्रशासन द्वारा एक अहम कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी श्री अमन समीर की अध्यक्षता में शनिवार को जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत परामर्श संस्था WAPCOS के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी तथा बाढ़ प्रमंडल के अभियंता भी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की नदियों की वर्तमान स्थिति का आकलन कर उनके विस्तार, गहराईकरण, किनारे की सुदृढ़ता और चेकडैम जैसी संरचनाओं के निर्माण हेतु प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करना था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुछ नदियाँ अपने अस्तित्व के संकट से गुजर रही हैं, जिनका पुनर्जीवन जनहित के लिए आवश्यक है। इसके तहत नदियों की चौड़ाई और गहराई बढ़ाने, तल की सफाई, और तटबन्धों के सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कुछ नदियों में जल प्रवाह बनाए रखने और संरक्षण के लिए उपयुक्त स्थानों पर चेकडैम बनाए जाएंगे। इसके अलावा, जिन स्थानों पर नदी चौड़ाई बढ़ाने के लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता होगी, उसे भी चिह्नित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस परियोजना के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करें, ताकि WAPCOS द्वारा प्रस्तावित कार्यों को जल्द प्रारंभ किया जा सके और सारण की नदियों को फिर से जीवंत रूप दिया जा सके।
यह पहल जिले के जल प्रबंधन और पर्यावरणीय संरक्षण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है। बैठक के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में सारण की सूखती नदियों में फिर से प्रवाह लौटेगा और लोगों को इसके सामाजिक व आर्थिक लाभ भी मिलेंगे।