एकमा और माँझी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जमीनी समीक्षा में जुटे जिलाधिकारी!
सारण (बिहार): जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर ने बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकमा और मांझी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का गहन सत्यापन किया। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए मतदाता सूची की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें प्रोत्साहित किया कि वे निर्धारित प्रपत्र भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
एकमा प्रखंड भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं को मोबाइल के माध्यम से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपने या अपने परिजनों के नाम खोजने की प्रक्रिया भी सिखाई। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता जागरूकता के लिए प्रत्येक घर तक पहुंच बनाएं और किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए।
मांझी प्रखंड के निरीक्षण के क्रम में भी जिलाधिकारी ने चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और प्रखंड मुख्यालय में चल रहे गणना प्रपत्र अपलोडिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शेष मतदाताओं से शीघ्र प्रपत्र प्राप्त कर सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी गतिविधियों का विधिवत दस्तावेजीकरण किया जाना अनिवार्य है।
यह अभियान आगामी चुनावों को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यापक भागीदारी वाला बनाने की दिशा में प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है।