सिसवन के चैनपुर में सड़क दुर्घटना, महिला घायल!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर–रसूलपुर मुख्य सड़क पर शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान छपरा जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र निवासी मोहन चौधरी की पत्नी गुलाबो देवी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला सड़क पार कर रही थी तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को नजदीकी निजी क्लिनिक में पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के लिए प्रशासन से मांग की है।