सिसवन में अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल!
ग्यासपुर, भागर और अन्य स्थानों पर हुई दुर्घटनाएं, सभी का सिसवन अस्पताल में इलाज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बुधवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पहली घटना ग्यासपुर गांव की है, जहाँ दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान नज़रुद्दीन के पुत्र इम्तियाज़ खान और निरखापुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह के पुत्र राहुल सिंह के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव की है, जहाँ एक सड़क दुर्घटना में अशोक साह की पत्नी रानी देवी और मनोज प्रसाद की पत्नी रामवती देवी घायल हो गईं।
इधर सिसवन थाना क्षेत्र के भागर गांव में भी एक मोटरसाइकिल की चपेट में आने से मनन राम नामक अधेड़ व्यक्ति घायल हो गए। वे तपन राम के पुत्र हैं। इसी घटना में बाइक सवार राजू यादव के पुत्र शुभम कुमार भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिसवन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने सभी मामलों में दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।