एकमा में जन सुराज की बिहार बदलाव सभा का भव्य आयोजन, हजारों की संख्या में जुटे लोग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत के कीड़ा मैदान में रविवार को सारण जिला जन सुराज की अध्यक्षता में बिहार बदलाव सभा का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर बिहार के विभिन्न सुदूर क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मौजूद जन सुराज समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।
सभा को संबोधित करते हुए एकमा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के संभावित उम्मीदवार विकास सिंह ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि अगर जन सुराज की सरकार बनती है तो बिहार में पलायन की समस्या पर एक साल के भीतर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मांझी थाना क्षेत्र के स्वर्गीय शालीग्राम सिंह के पुत्र, जो पूर्व में हिमाचल प्रदेश के शिमला में एडीजी पद पर कार्यरत थे, अब वीआरएस लेकर जन सुराज से छपरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
सभा में जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने भी जनता को संबोधित करते हुए बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, विशेष रूप से हत्याओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में जैसी कानून-व्यवस्था की स्थिति थी, वही हालात अब नीतीश कुमार की सरकार में हो गए हैं। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर एक साल के भीतर हत्या और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं पर नियंत्रण किया जाएगा।
सभा में पूर्व एडीजी जय प्रकाश सिंह, ब्रजेंद्र सिंह उर्फ भवानी मुन्ना, बच्चा राय, उदय शंकर सिंह समेत सैकड़ों स्थानीय लोग और जन सुराज कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा को सफल बनाने में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।