जमुई मत्स्य विभाग के दो पदाधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जमुई (बिहार): जमुई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। मत्स्य विभाग के दो पदाधिकारी — राजीव कुमार, मत्स्य विकास पदाधिकारी और अभय कुमार, जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी को ₹50,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई जमुई स्थित मत्स्य विभाग कार्यालय परिसर में की गई।
निगरानी विभाग को शिकायत मिली थी कि उक्त अधिकारी लाभुकों से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के एवज में मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। जाल बिछाकर जैसे ही शिकायतकर्ता से ₹50 हजार की रिश्वत ली जा रही थी, निगरानी की टीम ने दोनों पदाधिकारियों को पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक, लाभुक से मछली पालन योजना में सहायता दिलाने के नाम पर ₹1.5 लाख की मांग की गई थी, जिसकी पहली किस्त के रूप में ₹50 हजार लिए जा रहे थे। जैसे ही राशि हाथ में ली गई, निगरानी टीम ने दबिश दी और दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
घटना की पुष्टि के बाद दोनों अधिकारियों को पूछताछ के लिए निगरानी कार्यालय ले जाया गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य पदाधिकारियों के व्यवहार पर भी सवाल उठने लगे हैं।
राज्य सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, और यह गिरफ्तारी उसी की एक अहम कड़ी है। निगरानी विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।