Know Your Police अभियान के तहत डोरीगंज के विद्यालय में सारण पुलिस की जागरूकता पहल
सारण (बिहार): “Know Your Police” कार्यक्रम के तहत सारण पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए डोरीगंज स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रसलपुरा में जन-जागरूकता अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी और अन्य वरीय अधिकारियों ने बच्चों को महिला हेल्पडेस्क, डायल-112, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक हिंसा जैसे विषयों से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाना में महिला हेल्पडेस्क स्थापित है, जो त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु कार्यरत है। यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डायल-112 द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की जाती है।
छात्रों को ‘आवाज़ दो’ कार्यक्रम के बारे में भी बताया गया, जो महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित हो रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और उनके अभिभावकों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कार्यक्रम के अंत में एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। विजेता छात्रों को पुलिस पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत छात्र-छात्राओं की सूची इस प्रकार है:
1. अदिती कुमारी, 2. आयुष कुमार, 3. हंसिका कुमारी, 4. नेहा कुमारी, 5. अभिनव कुमार 6. सोनी कुमारी 7. सुशांत कुमार, 8. आशीष कुमार, 9. संजना कुमारी, 10. रॉकी कुमार
सारण पुलिस ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए यह संदेश भी दिया कि — “जन विश्वास, संकल्प हमारा” के मूलमंत्र को आत्मसात कर वे समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने में भागीदार बनें।