सिवान के विभिन्न थाना परिसरों में जनता दरबार आयोजित, जमीन विवाद के कई मामलों का हुआ समाधान!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के सिसवन और रघुनाथपुर थाना परिसरों में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जमीन से संबंधित विवादों की सुनवाई कर आपसी सहमति के आधार पर कई मामलों का समाधान किया गया।
सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि जमीन से जुड़े कुल चार मामलों का निपटारा किया गया। प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने पूर्व में आवेदन देकर विवाद समाधान की गुहार लगाई थी, जिनके आधार पर दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर दरबार में बुलाया गया था। कागजातों की जांच और आपसी सहमति के बाद मामलों को सुलझाया गया।
इसी प्रकार रघुनाथपुर थाना परिसर में भी अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष की उपस्थिति में जनता दरबार आयोजित हुआ, जहां चार जमीन विवादों पर सुनवाई की गई। अंचल कर्मियों ने बताया कि आवेदन के आधार पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था और समझौते के जरिए विवादों का समाधान किया गया।
प्रशासन की इस पहल से लोगों में संतोष देखा गया। जनता दरबार में अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, राजस्व कर्मचारी व पुलिस बल की उपस्थिति रही।