दहेज हत्या कांड में सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार!
महिला के शव को जलाने की तैयारी कर रहे थे ससुराल वाले, पुलिस ने मौके पर दबोचा!
सारण (बिहार): दहेज हत्या के एक मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मशरक थाना क्षेत्र के जनदीरपुर गांव में की गई, जहां एक महिला को उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए पीट-पीट कर मार डाला और शव को जलाने की कोशिश कर रहे थे।
घटना की सूचना मृतका के पिता द्वारा दी गई थी, जिसके आधार पर मशरक थाना में प्राथमिकी संख्या 342/25 दर्ज की गई। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या कर शव को सबूत मिटाने के उद्देश्य से जलाया जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल पर पहुंचकर महिला का शव बरामद किया और ससुर, सास, भसुर तथा देवर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मनीचक चन्द्र मांझी, शैलेन्द्र मांझी, पुरुषोत्तम मांझी और एक महिला शामिल है। चारों जनदीरपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस टीम का नेतृत्व मशरक थाना अध्यक्ष कर रहे थे। सारण पुलिस ने कहा है कि महिला उत्पीड़न के मामलों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और दोषियों को हर हाल में न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलाई जाएगी।