प्राण प्रतिष्ठा हनुमत महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा माहौल!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत अंतर्गत पिपरा गांव में नवनिर्मित मंदिर में श्री प्राण प्रतिष्ठा हनुमत महायज्ञ के आयोजन को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस पावन यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्तिभाव से सरयू नदी से जल भरकर यज्ञ की तैयारियों में भागीदारी निभाई।
कलश यात्रा यज्ञ मंडप से आरंभ होकर रामगढ़ गांव होते हुए सरयू नदी घाट तक पहुँची। वहाँ विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने वैदिक विधि से कलश में जल भरा। यज्ञाचार्य सुजीत तिवारी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कार्य संपन्न हुआ।
पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु अपने आराध्य की भक्ति में लीन दिखे और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन की व्यवस्था भव्य और अनुशासित रही।
इस महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उमंग है और बड़ी संख्या में लोग महायज्ञ में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।