श्री हनुमत महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश-यात्रा!
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के बलेसरा गांव स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर में श्री हनुमत महायज्ञ सोमवार को भव्य कलश-यात्रा के साथ आरंभ हुआ। घोड़े व बैंड-बाजे के साथ निकली कलश-यात्रा में शामिल होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष, युवक-युवतियां व बच्चे रंग-बिरंगे वस्त्र धारण कर सरयू नदी के प्रसिद्ध मांझी रामघाट पर पहुंचे। जहां यज्ञाचार्य पंडित आशीष पांडेय के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने विधिवत जलभरी की। उसके बाद वे कलश में पवित्र जल लेकर धरहरा-सन्यासी बाजार, अलियासपुर, बनवार होते हुए पुनः अनुष्ठान-स्थल पर पहुंचे।
कलशयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के द्वारा जय श्रीराम के जय-घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। अनुष्ठान स्थल पर पहुंचने के बाद आगे की विधि प्रारंभ हुई। यज्ञाचार्य ने बताया कि 20 मई को मंडप प्रवेश, पञ्चांग पूजन, अरणी मंथन आदि विधि पूरी होगी। 21 से 26 मई तक नित्य पूजन व स्वाहाकार आरती होगी तथा 27 मई को विशाल भंडारा के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति हो जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिदिन रात में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए रामलीला का भी आयोजन किया गया है। वहीं अनुष्ठान-स्थल पर मनोरंजन के लिए झूला व विभिन्न दुकानों के लगने से मेले जैसा वातावरण बन गया है। महायज्ञ का आयोजन समस्त ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया गया है।