मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राजगीर खेल विश्वविद्यालय परिसर में बने अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण!
///जगत दर्शन न्यूज
नालंदा/राजगीर (बिहार): खेल को बढ़ावा देने और युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर स्थित खेल अकादमी सह खेल विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित अत्याधुनिक इनडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट एवं हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर पूरी तरह संकल्पित है और इसका लाभ प्रदेश के युवाओं को आने वाले वर्षों में बड़े स्तर पर मिलेगा।
लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विभाग के अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इन सभी खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया गया है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा। इनडोर हॉल में अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलन और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना बिहार के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहाँ वे शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सुविधाओं का भरपूर उपयोग करें और राज्य तथा देश का नाम रौशन करें।
राजगीर के इस खेल परिसर को बिहार का खेल हब बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इन सुविधाओं से न सिर्फ प्रशिक्षण के स्तर में सुधार होगा, बल्कि राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।