सीवान जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन, विकास योजनाओं पर महिलाओं ने रखी अपनी बात!
/// जगत दर्शन न्यूज
सीवान, 24 मई 2025 (शनिवार)
बिहार सरकार एवं जीविका की संयुक्त पहल के तहत सीवान जिले में आज महिला संवाद कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन विभिन्न प्रखंडों में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही, जहां उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और योजनाओं से जुड़ी समस्याओं व अपेक्षाओं को सामने रखा।
गोरियाकोठी प्रखंड के सिसई पंचायत स्थित गढ़देवी माई ग्राम संगठन में हुए संवाद कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वयं भाग लेकर महिलाओं से सीधा संवाद किया। इसी तरह आंदर प्रखंड के बारिटोल, पतार पंचायत में तेजस ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद में भी BDO ने मार्गदर्शन किया।
गुठनी प्रखंड के चिताखाल पंचायत में सत्यम ग्राम संगठन, भगवानपुर हाट के मोहम्मदपुर पंचायत में श्री लक्ष्मी ग्राम संगठन, बरहरिया में महादेव ग्राम संगठन, हसनपुरा के शेखपुरा पंचायत, सिसवन के चैनपुर पंचायत, रघुनाथपुर के बरुआ पंचायत, जीरादेई के सकरा पंचायत और हुसैनगंज के खरसंडा पंचायत में भी महिला संवाद कार्यक्रमों का सफल आयोजन हुआ।
इन आयोजनों में महिलाओं ने रोजगार सृजन, शिक्षा की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समावेशिता और नल-जल योजनाओं की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपनी बातें रखीं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, महिला संवाद कार्यक्रम के तहत प्राप्त सामुदायिक आकांक्षाओं को संबंधित विभागों में नियमित रूप से भेजा जा रहा है ताकि योजनाओं को ज़मीनी स्तर की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर बनाया जा सके।
सीवान जिला प्रशासन एवं जीविका ने आश्वस्त किया है कि यह पहल केवल संवाद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्येक दीदी की आवाज़ को नीतियों और कार्यान्वयन में स्थान दिया जाएगा। महिला संवाद ने यह सिद्ध कर दिया है कि जागरूक महिलाएं अब समाज के परिवर्तन की सशक्त भागीदार बन चुकी हैं।